Nagriya nikay chunav 2025 : गोंगपा 24 को करेगी लाव लश्कर के साथ नामांकन दाखिल.. अध्यक्ष पद के साथ 15 पार्षद प्रत्याशी भी होंगे शामिल.. विधायक तुलेश्वर मरकाम रहेंगे मौजूद.
कोरबा/कटघोरा 22 जनवरी 2025 : नगरीय निकाय चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा आदर्श आचार संहिता लागू करने और नामांकन व मतदान की तिथियों की घोषणा के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रमुख दलों के प्रत्याशी चयन को लेकर जहां मंथन जारी है, वहीं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने कोरबा जिले के कटघोरा नगरीय निकाय के लिए अपने अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशियों की घोषणा कर सभी को चौंका दिया है। इस घोषणा से यह स्पष्ट होता है कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने अपनी रणनीति पहले से तैयार कर ली है और अपने कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में उतरने के लिए प्रेरित कर रही है। अन्य दलों के प्रत्याशी अभी भी प्रतीक्षा में हैं, क्योंकि उनके शीर्ष नेतृत्व द्वारा प्रत्याशियों के नामों पर मंथन जारी है।

ऐसी स्थिति में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का यह कदम उन्हें चुनावी दौड़ में बढ़त दिला सकता है। वहीं, अन्य दलों के लिए यह संकेत है कि उन्हें जल्द ही अपने निर्णय लेने होंगे ताकि उनके कार्यकर्ता समय रहते चुनावी तैयारियों में जुट सकें। यहां यह बताना लाज़मी होगा कि निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय के लिए 22 जनवरी 2025 से नामांकन प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है। और गोंगपा सबसे पहले नामांकन दाखिल करने का विचार बना रही है।
24 को दाखिल करेगी गोंगपा अपना नामांकन
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) ने कटघोरा नगरीय निकाय चुनाव में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी की है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने 24 जनवरी 2025 को अपना नामांकन दाखिल करने का निर्णय लिया है। संभावना जताई जा रही है कि कटघोरा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के साथ 15 वार्डों के प्रत्याशी भी सामूहिक रूप से अपना नामांकन दाखिल कटेगी। इस मौके पर गोंगपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पाली तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम के साथ बड़ी संख्या में गोंगपा के क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता इस नामांकन उत्सव में शामिल होंगे। पार्टी ने अध्यक्ष पद के लिए शरद देवांगन को अपना प्रत्याशी घोषित किया है और नगर पालिका के सभी 15 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारे हैं। यह कदम गोंगपा की रणनीति को दर्शाता है, जो इस बार कटघोरा में प्रमुख राजनीतिक दलों को चुनौती देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

राजनीतिक परिदृश्य बदलने के मूड में गोंगपा
गोंगपा का यह फैसला नगर निकाय चुनावों में समीकरण बदल सकता है। यह पार्टी अपने संगठन और जनाधार को मजबूत करते हुए दोनों प्रमुख दलों, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस, को कड़ी टक्कर देने का प्रयास कर रही है। शरद देवांगन को अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी बनाने से पार्टी का जनाधार और मजबूत होने की संभावना है। गोंगपा का यह कदम स्थानीय राजनीति में बदलाव लाने और अपने प्रभाव को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। इससे यह साफ है कि पार्टी इस बार न केवल चुनाव में दमदार उपस्थिति दर्ज कराना चाहती है, बल्कि राजनीतिक परिदृश्य को भी बदलने की कोशिश में है।

