Latest Newsकोरबा न्यूज़छत्तीसगढ़ न्यूज़छत्तीसगढ़ स्पेशलब्रेकिंग न्यूज़

कटघोरा में पहली बार गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति का महासंगम : 25 जनवरी को ‘कटघोरा रन फ़ॉर रिपब्लिक 2026’.. 26 जनवरी की संध्या ‘एक शाम शहीदों के नाम’ का भव्य आयोजन.

कोरबा/कटघोरा, 24 जनवरी 2026 : कटघोरा नगर में इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति, एकता और अखंडता को समर्पित दो ऐतिहासिक आयोजनों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कटघोरा तन्मय खन्ना एवं कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी की पहल पर नगर में पहली बार 25 जनवरी दिन रविवार को “कटघोरा रन फ़ॉर रिपब्लिक 2026” तथा 26 जनवरी गणतंत्र दिवस की संध्या “एक शाम शहीदों के नाम” शीर्षक से सांस्कृतिक संगीतमय कार्यक्रम आयोजित होगा।

एकता और अखंडता का संदेश देगा ‘कटघोरा रन फ़ॉर रिपब्लिक’

गणतंत्र दिवस से पूर्व आयोजित यह मैराथन दौड़ देश की एकता, सुरक्षा और शांति के संकल्प को सशक्त करने का प्रतीक होगी। इस आयोजन में सैकड़ों की संख्या में नगरवासी, विशेषकर युवा व छात्र वर्ग भाग लेंगे। कटघोरा रन फ़ॉर रिपब्लिक मैराथन का शुभारंभ 25 जनवरी, रविवार को नगर के मुख्य चौराहा शहीद वीर नारायण चौक स्थित रैन बसेरा प्रांगण से किया जाएगा। प्रतिभागी टोकन लेकर दौड़ प्रारंभ करेंगे, जो लखनपुर बरभाटा नारायणी राइस मिल के पास से दूसरा टोकन प्राप्त कर पुनः कटघोरा चौक पर समाप्त होगी। यह मैराथन पुरुष एवं महिला दो वर्गों में आयोजित की जाएगी जो कि 10 किलोमीटर की दौड़ होगी तथा इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मंचस्थ अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा। विजेताओं का सम्मान समारोह भी 25 जनवरी को ही आयोजित किया जाएगा।

26 जनवरी की संध्या ‘एक शाम शहीदों के नाम’

गणतंत्र दिवस की संध्या 26 जनवरी को नगर मुख्य चौराहे के समीप स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल प्रांगण में “एक शाम शहीदों के नाम” शीर्षक से भव्य मंचीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इस संगीतमय आयोजन में अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा देशभक्ति गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। कार्यक्रम प्रतियोगिता के स्वरूप में आयोजित होगा, जिसमें स्कूल-कॉलेज के छात्र एवं स्थानीय कलाकार भाग ले सकेंगे। इसका उद्देश्य वीर जवानों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण कर लोगों में राष्ट्रीय भावना का संचार करना है।

इन दोनों आयोजनों को सफल बनाने में नगर के प्रमुख प्रतिष्ठानों—नरेंद्र ज्वेलर्स, गृहस्थी सुपर बाज़ार, मुरली होटल, सिंघानिया ग्रुप, AP शॉपिंग मॉल, महाबली स्टोर्स, रॉयल टेंट एवं आलोक DJ—का महत्वपूर्ण सहयोग रहेगा। कटघोरा SDM तन्मय खन्ना एवं थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इन आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें और गणतंत्र दिवस को एकता, देशभक्ति और सम्मान के साथ मनाकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक सफलता प्रदान करें।