Latest Newsकोरबा न्यूज़छत्तीसगढ़ न्यूज़छत्तीसगढ़ स्पेशलब्रेकिंग न्यूज़

ktg news : कटघोरा में फिर खुले रेलवे आरक्षण केंद्र की उठी मांग.. नगर पालिका अध्यक्ष ने सांसद व रेलवे प्रबंधन को लिखा पत्र.

कोरबा/कटघोरा, 27 जनवरी 2026 : कटघोरा नगर व आसपास के हजारों रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को लेकर एक बार फिर आवाज उठी है। कटघोरा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राज जायसवाल ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के क्षेत्रीय प्रबंधक तथा कोरबा सांसद ज्योत्स्ना चरणदास महंत को पत्र लिखकर कटघोरा में रेलवे टिकट आरक्षण केंद्र खोले जाने की विशेष मांग की है।

पत्र के माध्यम से नगर पालिका अध्यक्ष ने अवगत कराया है कि नगर पालिका परिषद कटघोरा एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिक बड़ी संख्या में रेल से यात्रा करते हैं। लेकिन रेलवे टिकट आरक्षण की सुविधा कटघोरा में उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को मजबूरी में 30 किलोमीटर दूर कोरबा या लगभग 80 किलोमीटर दूर बिलासपुर जाना पड़ता है। इससे न केवल समय और धन की बर्बादी होती है, बल्कि आम नागरिकों को भारी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा सभी के लिए सहज नहीं है, वहीं कई बार ऑनलाइन माध्यम से महंगे दरों पर टिकट लेना पड़ता है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। ऐसे में नागरिकों की लगातार मांग है कि कटघोरा नगर में रेलवे टिकट आरक्षण केंद्र खोला जाए। नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने यह भी स्पष्ट किया है कि रेलवे आरक्षण केंद्र के संचालन के लिए नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा भवन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि रेलवे प्रशासन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने रेलवे प्रबंधन से इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करने का आग्रह किया है।

उल्लेखनीय है कि कई वर्ष पूर्व कटघोरा में रेलवे आरक्षण केंद्र संचालित था, जिससे नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भरपूर लाभ मिलता था। लेकिन वह केंद्र निजी भवन में संचालित होने के कारण बाद में बंद कर दिया गया। इसके बंद होने के बाद से ही यात्रियों को आरक्षण के लिए दूर-दराज भटकना पड़ रहा है।

कटघोरा नगर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो रोजगार, शिक्षा, इलाज और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए नियमित रूप से रेल यात्रा करते हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर रेलवे आरक्षण केंद्र का न होना एक बड़ी समस्या बन चुका है। नागरिकों का मानना है कि यदि कटघोरा में पुनः रेलवे आरक्षण केंद्र खोला जाता है तो इससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी परेशानियां काफी हद तक कम होंगी। अब देखना यह है कि नगर पालिका अध्यक्ष की इस मांग पर रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधि कितनी शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हैं।