ktg news : वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे.. कटघोरा थाना परिसर में हुआ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन.. स्कूली बच्चों, पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों ने मिलकर भारतमाता को दी स्वरांजलि.

कोरबा/कटघोरा, 7 नवम्बर 2025: देशभर में आज मातृभूमि की वंदना और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत माहौल देखने को मिला। राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज पूरे भारत में एक साथ सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में कटघोरा थाना परिसर में भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में “वंदे मातरम्” गाकर भारतभूमि को नमन किया और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत हो उठे।

इस अवसर पर एएसआई राम पांडेय ने राष्ट्रगीत के रचयिता बंकिमचंद्र चटोपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने देश को एक अमूल्य धरोहर के रूप में यह गीत दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1875 में बंकिमचंद्र चटोपाध्याय ने “वंदे मातरम्” की रचना की थी, जिसमें भारतभूमि की सुंदरता, उर्वरता और उसके जीवनदायी स्वरूप का अद्भुत वर्णन किया गया है। गीत की पंक्तियाँ न केवल मातृभूमि की आराधना हैं, बल्कि यह भी दर्शाती हैं कि यह भूमि देवशक्तियों द्वारा भी पूजनीय मानी गई है। पांडेय ने कहा, स्वाधीनता संग्राम के दिनों में यही गीत हमारे देशभक्तों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। इस गीत की पंक्तियाँ केवल शब्द नहीं थीं, बल्कि यह एक प्रेरक मंत्र के रूप में स्वतंत्रता सेनानियों के हृदय में ऊर्जा भरती रहीं।

कटघोरा थाना परिसर में हुए कार्यक्रम में उपनिरीक्षक शिवकुमार कोसरिया, एएसआई राम पांडेय, एसआई राजेन्द्र प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेश तंवर, प्रधान आरक्षक अनुज सिंह, आरक्षक खम्मन सिंह, अजय खुटले, लीलाधर, अनीता सिंह, राजू, नरेश टेकाम सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, पत्रकार शिवप्रसाद गुप्ता, स्कूली बच्चे और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

