ktg news: आस्था का महापर्व छठ: कटघोरा के राधासागर घाट पर दिखा भक्ति और उत्साह का अनोखा संगम.

कोरबा/कटघोरा, 27 अक्टूबर 2025 : लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे देश में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोरबा जिले और कटघोरा क्षेत्र में भी छठ पूजा का रंग पूरे शबाब पर नजर आया। रविवार रात से ही व्रती महिलाएं और उनके परिजन घाटों की तैयारियों में जुट गए थे। सोमवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु घाटों की ओर उमड़ पड़े।
कटघोरा के प्रसिद्ध राधा सागर घाट पर सुबह से ही पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम होते-होते घाट भक्ति गीतों, ढोल-मंजीरों और पारंपरिक छठ गीतों की सुरधारा से गुंजायमान हो उठा। छठी मइया के जयकारों के साथ श्रद्धालु महिलाएं सूप, फल, पंचमेवा और प्रसाद से भरे डाले लेकर सूर्य देव को अर्घ्य देने पहुंचीं। यहां पूर्वांचल समुदाय के साथ-साथ स्थानीय लोगों की भी भारी भागीदारी देखने को मिली। बच्चे, युवा और वृद्ध—सभी श्रृद्धा और भक्ति में डूबे नजर आए।

भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस बल, स्वच्छता कर्मी और नगर पालिका की विशेष टीमें सुबह से ही तैनात रहीं। घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और चिकित्सा सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। छठ घाट पर नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल स्वयं पहुंचे और श्रद्धालुओं से मिलकर छठ पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

छठ पूजा की सबसे खास बात यह रही कि व्रती महिलाओं ने सूर्योदय से पहले ही पूजा की सामग्री तैयार करनी शुरू कर दी थी। पूरे दिन निर्जला व्रत रखने के बाद शाम को सभी परिवारजन घाटों तक पहुंचे और सूर्यास्त के समय अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। यह इस पर्व का तीसरा दिन था जिसे ‘संध्या अर्घ्य’ कहा जाता है। लोग अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना करते नजर आए।


