ktg news : कटघोरा में छठ पूजा की तैयारियाँ पूर्ण.. अध्यक्ष राज जायसवाल ने लिया जायज़ा.. राधासागर तालाब में साफ-सफाई और की गई रोशनी की व्यवस्था.

कटघोरा, 27 अक्टूबर 2025: छठ पूजा के पावन अवसर पर कटघोरा नगर पालिका द्वारा राधासागर तालाब स्थित मुख्य छठ घाट पर साफ-सफाई और रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है। पिछले दो दिनों से चल रहे सफाई अभियान का आज सुबह नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने स्वयं पहुंचकर निरीक्षण किया। उनके साथ नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मुद्रिका प्रसाद तिवारी व अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
छठ पूजा, जिसे सूर्य उपासना और आस्था का महापर्व कहा जाता है, आज बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। संध्या के समय पूर्वांचलवासी श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, वहीं ब्रह्ममुहूर्त में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ मइया की पूजा-अर्चना करेंगे। इस दौरान व्रतधारी महिलाएँ 36 घंटे निर्जला व्रत रखकर छठ मइया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।

नगर पालिका द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी राधासागर तालाब परिसर में पूजा स्थल की सफाई, रंगरोगन एवं सुंदर सजावट की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कटघोरा पुलिस प्रशासन द्वारा भी छठ घाट पर विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हालांकि छठ पूजा मूलतः पूर्वांचल के लोगों का प्रमुख त्योहार है, लेकिन अब छत्तीसगढ़ में भी इसे पूरी आस्था और धूमधाम से मनाया जाने लगा है। इससे कटघोरा सहित जिले के सभी छठ घाटों पर भक्तों की भीड़ उमड़ने की संभावना है।

कोरबा जिला के दर्री, जमनीपाली, दीपका, कोरबा, कटघोरा, पाली सहित लगभग सभी प्रमुख स्थानों के घाटों पर छठ पूजा का आयोजन बड़े स्तर पर किया जा रहा है। दीपावली के समान महत्वपूर्ण इस पर्व को लेकर लोगों में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। छठ मइया के जयकारों और सूर्य उपासना के साथ कटघोरा में आस्था और सांस्कृतिक एकता का यह पर्व एक बार फिर जनमानस को जोड़ता नजर आ रहा है।


