ktg news : नगरीय निकाय में गोंगपा की रहेगी मजबूत तैयारी.. कटघोरा से शरद देवांगन करेंगे अध्यक्ष की दावेदारी.. वार्डों में पार्षद पद के भी होंगे प्रत्याशी.
कोरबा/कटघोरा 11 जनवरी 2024 : गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) ने आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों के लिए अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी का मुख्य फोकस कोरबा नगर निगम, दीपका, कटघोरा, बांकीमोंगरा नगर पालिका, छुरी और पाली नगर पंचायतों में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना है। इसके तहत पार्टी ने सभी पदाधिकारियों से संभावित उम्मीदवारों के नाम मांगे हैं और अध्यक्ष तथा पार्षद पद के लिए नामांकन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

कटघोरा नगर पालिका में शरद देवांगन करेंगे गोंगपा से अध्यक्ष पद की दावेदारी.
कटघोरा नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद के लिए पिछड़ा वर्ग मुक्त आरक्षण तय होने के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बार गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) ने भी अपनी रणनीति के तहत सभी नगरीय निकायों में उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया है। कटघोरा नगर से गोंगपा के प्रदेश महामंत्री शरद देवांगन ने अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी की घोषणा की है। शरद देवांगन पिछली बार वार्ड 1 से पार्षद पद के लिए चुनाव लड़े थे, लेकिन राजनीति का शिकार होते हुए 31 वोट को रिजेक्ट करते हुए 03 वोट से विपक्ष को जिताया गया और शरद देवांगन को मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार गोंगपा पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने की योजना बना रही है। पार्टी अध्यक्ष पद के अलावा नगर के विभिन्न वार्डों में पार्षद पद के लिए भी अपने उम्मीदवार खड़े करेगी। शरद देवांगन को उनके सहज और सरल स्वभाव के लिए जाना जाता है। वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं और नगर के विकास के लिए वचनबद्ध हैं। गोंगपा के इस निर्णय से कटघोरा नगर पालिका परिषद के चुनावी समीकरण में बदलाव देखने को मिल सकता है।
गोंगपा पार्टी की रणनीति और प्राथमिकताएं:
गोंगपा का उद्देश्य है कि ऐसे उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा जाए, जो जनता के लिए कार्य करने के प्रति प्रतिबद्ध और जनहितैषी हों। पार्टी जिला संगठन मंत्री के अनुसार, उम्मीदवारों के चयन में हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पार्टी ऐसे व्यक्तित्व को प्राथमिकता देगी, जो जनता से जुड़े रहें और उनकी समस्याओं को समझें। पार्टी जिला अध्यक्ष गिरजा सिंह कोराम ने स्पष्ट किया कि गोंगपा हर वार्ड, जनपद और अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी उतारेगी। उनका कहना है कि पार्टी विपक्ष से कम नहीं है और पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी।
चुनाव की तैयारी:
गोंगपा ने संगठन को मजबूत करने के लिए जिला स्तर पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। सभी निकायों में स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखते हुए प्रचार-प्रसार की योजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही, पार्टी का जोर जनता के बीच अपनी उपस्थिति को बढ़ाने और उनके समर्थन को सुनिश्चित करने पर है। गोंगपा की इस सक्रियता से संकेत मिलता है कि वह आगामी चुनावों में विपक्ष को कड़ी टक्कर देने की तैयारी में है।

