Tuesday, October 28, 2025
Latest:
govthigh paid adsLatest Newsmiddle position adsmy adsUncategorizedकोरबा न्यूज़

कोरबा:लैंटाना में घपला 1.17 करोड़, फर्जी मजदूर वन कर्मियों के परिजनों के नाम भुगतान….

लैंटाना में घपला 1.17 करोड़, फर्जी मजदूर वन कर्मियों के परिजनों के नाम भुगतान….

 

 

कोरबा: वनों के लिए कैंसर रूपी पौधा लैंटाना का उन्मूलन के नाम पर न सिर्फ लाखों रुपए कागजों में उन्मूलन कर डकारे गए हैं बल्कि इस कार्य में लगे मजदूर भी बड़े पैमाने पर फर्जी हैं। जिस तरह से अनेक तालाब की खुदाई में फर्जी मजदूरों के नाम पर असली भुगतान कराया जाकर राशि निकालकर हड़प की जा रही है ठीक उसी तरह से लैंटाना उन्मूलन में भी फर्जी मजदूर दर्शा कर उनके नाम से राशि उनके खातों में जमा करने के बाद उसे भी प्राप्त कर लिया गया है। इसमें कोई और नहीं बल्कि वन विभाग के कर्मी शामिल हैं। विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और रेंजर/डिप्टी रेंजर सहित अन्य कर्मियों के द्वारा इस मामले में बीट गार्ड/फॉरेस्ट गार्ड को मोहरा बनाया गया है।

प्रारंभिक सूचनाओं के आधार पर जो विभागीय तौर से पुष्ट जानकारी मिली है, उसके मुताबिक ऐतमानगर, केंदई रेंज में लेंटाना उन्मूलन के लिए आई राशि निचले स्तर के वन कर्मियों के परिजनों के खाते में फर्जी तौर पर मजदूर दर्शा कर डाली गई है। जनवरी माह में इसका भुगतान होने की जानकारी मिली है जिसमें एक बीटगार्ड के यहां तो उसकी पत्नी से लेकर 11 परिजनों के नाम करीब 21 लाख रुपए का फर्जी मजदूरी भुगतान कर दिया गया है। इसी तरह अन्य बीटगार्ड भी इस पूरे मामले में निचले स्तर के भागीदार बने हैं। ऐतमानगर और केंदई रेंज में 600-600 हेक्टेयर क्षेत्रफल में लेंटाना उन्मूलन का कार्य होना था जिसके लिए कुल 1 करोड़ 17 लाख 96 हजार रुपये की राशि जारी हुई। 9830 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से यह कार्य करना था जो कागजों में कर लिया गया।

अभी पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम कुटेश्वर नगोई के जंगल में खोदे गए तालाब में करतला ब्लॉक के ग्राम पंचायत सरगबुंदिया की सरपंच के पति और देवर से लेकर अन्य रिश्तेदारों के नाम फर्जी मजदूर दर्शा कर 12 लाख 18 हजार रुपये निकालने का मामला सुर्खियों में ही है कि इस तरह की और जानकारी सामने आने से नि:संदेह कटघोरा वन मंडल में फर्जी मजदूरों के नाम भुगतान का एक रैकेट-सा काम कर रहा है। कुटेश्वर नगोई तालाब के मामले में तो यहां का बीटगार्ड प्रद्युमन सिंह तंवर सामने आने से बच रहा है।

बता दें कि बिलासपुर वन वृत्त का कटघोरा वन मंडल भ्रष्टाचार को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है। चाहे वह विधानसभा में गलत जानकारी देने का मामला हो या हाईकोर्ट में जानकारी देने की बात हो। इसी कड़ी में कोरबा जिला खनिज संस्थान न्यास( DMF ) मद से कटघोरा वन मंडल के ऐतमानगर एवं केंदई रेंज में लेंटाना उन्मूलन के लिए जारी राशि से महज कुछ रुपए खर्च कर लैंटाना का कथित तौर पर उन्मूलन कर दिया गया और बाकी राशि कागजों में काम दर्शा कर गड़प कर ली गई।