Saturday, February 14, 2026
Latest Newsकोरबा न्यूज़छत्तीसगढ़ न्यूज़छत्तीसगढ़ स्पेशलब्रेकिंग न्यूज़

ktg news : वन भूमि पर वन अधिकारी का बेख़ौफ़ कब्जा.. वन भूमि पर खुलेआम अतिक्रमण..  विभाग की चुप्पी पर उठ रहे सवाल.

कोरबा/कटघोरा 1 जनवरी 2026 : कटघोरा क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर (खुटरीगढ़) के नेशनल हाईवे बायपास मार्ग पर स्थित शासकीय वनभूमि पर अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार इस भूमि पर ग्रीन पर्दा लगाकर लगातार निर्माण व घेराबंदी का कार्य किया जा रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह कब्जा किसी आम व्यक्ति द्वारा नहीं, बल्कि वन विभाग के ही एक अधिकारी—डिप्टी रेंजर—द्वारा किए जाने की बात सामने आ रही है।

जानकारी के अनुसार विभाग के अधिकारियों तक इस अतिक्रमण की सूचना पहले ही पहुँच चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई के बजाय मौन बनाए रखने से कई तरह के संदेह जन्म ले रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब विभाग के ही अधिकारी शासकीय भूमि पर कब्जा करेंगे, तो आम लोग नियमों का पालन कैसे करेंगे? एक ग्रामीण ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में वनभूमि को लेकर “अतिक्रमण की कोशिशें” नियमित रूप से हो रही हैं, लेकिन विभाग की निष्क्रियता के कारण लोगों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।

सरपंच ने जताई अनभिज्ञता, बोले—जांच करूँगा

जब इस मामले में रामपुर पंचायत के सरपंच प्रदीप सिंह से बात की गई तो उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम से अनभिज्ञता जताई। सरपंच ने कहा मुझे इस तरह के किसी कार्य की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा कोई अतिक्रमण हुआ है तो यह पूर्णतः गलत है। शासकीय भूमि पर कब्जा करने से पहले पंचायत को जानकारी देना अनिवार्य है। मैं इस पर विभाग को सूचित करूँगा और उचित कार्रवाई की मांग करूँगा। सरपंच के इस बयान से साफ है कि स्थानीय प्रशासनिक इकाइयों को भी इस विषय में कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई, जो स्वयं में एक बड़ा प्रश्न खड़ा करता है।

विभाग की चुप्पी सवालों के घेरे में

यह पहली बार नहीं है जब इस इलाके में वनभूमि पर अवैध कब्जे के मामले सामने आए हों। लेकिन विभाग द्वारा लगातार चुप्पी साधे रखने और किसी भी तरह की औपचारिक कार्रवाई न किए जाने से लोग खुलकर अतिक्रमण करने से नहीं झिझक रहे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर इस तरह के अवैध कब्जे मौजूद हैं, लेकिन वन विभाग की निष्क्रियता और उदासीन रवैये के कारण अतिक्रमणकारियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।