ktg news : खिलाड़ियों ने स्टेडियम निर्माण कार्य में हो रही देरी पर जताया रोष.. SDM और CMO को सौंपा ज्ञापन.. 1 सप्ताह में कार्य पूर्ण करने का दिया अल्टीमेटम.. कहा- नहीं तो करेंगे उग्र आंदोलन.
कोरबा/कटघोरा, 10 नवम्बर 2025 : कटघोरा नगर के खिलाड़ियों और पत्रकारों ने आज नगर के एकमात्र स्टेडियम के अधूरे निर्माण कार्य को लेकर गहरी नाराज़गी जताई। इस संबंध में उन्होंने कटघोरा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तन्मय खन्ना और नगर पालिका परिषद कटघोरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) मुद्रिका प्रसाद तिवारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द कार्य पूर्ण कराने की मांग की। ज्ञापन सौपने के दौरान विकास नागदेव, डॉ सुमित कौशिक, पत्रकार शशिकांत डिक्सेना, शारदा पाल, आशुतोष शर्मा, जितेंद्र गुप्ता, शिव प्रसाद गुप्ता मौजूद रहे।
खिलाड़ियों ने ज्ञापन में बताया कि डीएमएफ (जिला खनिज निधि) मद से स्वीकृत हाई स्कूल मैदान का निर्माण कार्य फरवरी 2025 से चल रहा है। इस परियोजना में बाउंड्री वॉल, पिच, लाइट और मैदान का समतलीकरण के साथ घास लगाना भी शामिल है। परंतु लगभग नौ माह बीत जाने के बाद भी कार्य अधूरा है। निर्माण में लगातार हो रही देरी के कारण खिलाड़ियों को अपनी खेल गतिविधियों के लिए दूसरे स्थानों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक, शारीरिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि खिलाड़ियों ने नगर पालिका प्रशासन से कई बार मौखिक रूप से अनुरोध किया, लेकिन फिर भी कार्य में कोई विशेष प्रगति नहीं हुई। अब खिलाड़ियों ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है कि यदि निर्धारित समय में स्टेडियम का कार्य पूर्ण नहीं कराया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे। आंदोलन के तहत नगर के मुख्य चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस बीच, ज्ञापन सौंपे जाने के बाद नगर पालिका के CMO मुद्रिका प्रसाद तिवारी ने तत्काल संबंधित ठेकेदार को तलब कर कड़ी फटकार लगाई और स्टेडियम कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, स्टेडियम के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 48 लाख रुपये डीएमएफ फंड से स्वीकृत किए गए थे। इस कार्य की जिम्मेदारी नगर पालिका द्वारा एक स्थानीय ठेकेदार को सौंपी गई थी। लेकिन आरोप है कि ठेकेदार ने निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं की हैं। हालांकि स्टेडियम की बाउंड्री वॉल का निर्माण किया गया है, लेकिन मैदान की खुदाई के बाद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे अब मैदान गड्ढों और मलबे में तब्दील हो गया है। न तो खेल के लिए समतल मैदान बचा है और न ही दर्शकों के बैठने की कोई सुविधा उपलब्ध है। स्थानीय खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन अब इस मामले को गंभीरता से लेकर मैदान को शीघ्र पूरा कराएगा, ताकि आगामी महीनों में नगर में होने वाली राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन पूर्ववत ढंग से किया जा सके।


