ktg news : SDM से शिकायत के बाद कटघोरा में अवैध मटन दुकानों पर गिरी गाज: SDM ने त्वरित कार्यवाही के दिये निर्देश.

कटघोरा/कोरबा, 25 जुलाई 2025: कटघोरा नगर पालिका परिषद द्वारा नगर में मटन एवं मछली दुकानों के लिए निर्धारित स्थान तय करने के बावजूद कुछ मटन व्यापारी नियमों की अनदेखी करते हुए नगर के विभिन्न वार्डों – पुरानी बस्ती, जुराली और कसनिया – में अपनी दुकानें संचालित कर रहे हैं। इससे न केवल नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि अन्य व्यापारी भी इससे असंतुष्ट हैं।
इस मुद्दे को लेकर कई बार नगर पालिका परिषद में शिकायतें की जा चुकी हैं, मगर अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई थी। इससे आक्रोशित होकर आज मटन व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल कटघोरा एसडीएम रोहित सिंह से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने बताया कि कुछ चुनिंदा व्यापारी निर्धारित स्थल पर न जाकर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, जिससे व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और बाजार व्यवस्था व वार्ड वासियों की भी बिगड़ रही है। शिकायत पर गंभीर रुख अपनाते हुए एसडीएम रोहित सिंह ने तत्परता दिखाई और नगर पालिका कर्मचारियों को निर्देश जारी किए कि आज शाम तक वार्डों में संचालित सभी अवैध मटन दुकानों को सील किया जाए। साथ ही संबंधित व्यापारियों को समझाइश दी जाए कि वे अपनी दुकानें केवल निर्धारित स्थल पर ही संचालित करें।

एसडीएम द्वारा लिए गए त्वरित निर्णय से वैध मटन व्यापारियों में संतोष का भाव देखा गया और उन्होंने प्रशासन का आभार प्रकट किया। अब नगर में मटन व मछली मार्केट को सुव्यवस्थित करने की दिशा में यह कदम मील का पत्थर साबित हो सकता है। नगर पालिका द्वारा शाम तक की गई कार्रवाई पर भी निगाहें टिकी रहेंगी और उम्मीद की जा रही है कि अब अव्यवस्था पर लगाम लगेगी।

