Ktg news : कटघोरा नगर पालिका में जल संकट गहराया.. वार्डों में मचा त्राहिमाम.. 4 दिनों से जल आपूर्ति पूरी तरह ठप.. नगरवासी बेहाल.
कोरबा/कटघोरा 14 अप्रेल 2025 : कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र में विगत चार दिनों से जल आपूर्ति पूरी तरह से बाधित है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत से नगरवासी त्राहिमाम कर रहे हैं। स्थिति यह है कि कई वार्डों में लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बतादें की जल आपूर्ति बाधित होने के पीछे पहले पाइप लाइन टूटने की वजह सामने आई थी, जिसे नगर पालिका द्वारा सुधार दिया गया। लेकिन इसके बाद फिल्टर प्लांट में तकनीकी खराबी के चलते तीन मोटरें जल गईं, जिससे पानी की सप्लाई अभी तक बहाल नहीं हो पाई है।
नगरवासियों ने इस समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर जिला प्रशासन तक शिकायत की। इस पर जिला कलेक्टर ने कटघोरा नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को तत्काल जल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। सीएमओ द्वारा कलेक्टर को जानकारी दी गई कि पाइपलाइन की मरम्मत हो चुकी है और जल्द ही पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। लेकिन हकीकत यह है कि नगर में अब भी पानी नहीं आ रहा है। नगर के लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। चार दिनों से पानी की अनुपलब्धता ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह बिगाड़ दिया है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही जल आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
हालांकि, नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल का कहना है कि फिल्टर प्लांट में खराब हुई मोटरों की मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है और उम्मीद है कि कल सुबह से नगर में जल आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। अब देखना यह होगा कि कटघोरा नगर पालिका परिषद का यह वादा कब तक पूरा होता है और नगरवासियों को इस जल संकट से कब राहत मिलती है।

