ktg news : विश्व पर्यावरण दिवस पर कटघोरा नगर पालिका में हुआ पौधारोपण, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प.
कोरबा/कटघोरा, 6 जून 2025 : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कटघोरा नगर पालिका परिषद द्वारा एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन नगर पालिका परिसर प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाना और हरियाली को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री राज जायसवाल ने पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उनके साथ उपाध्यक्ष लालबाबू ठाकुर, नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ज्ञानपुंज कुलमित्र, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव लखनपाल, वार्ड पार्षद रमेश पटेल, कटघोरा वन विभाग के रेंजर अशोक मन्नेवार तथा नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों और कर्मचारियों ने परिसर में विभिन्न प्रकार के छायादार व फलदार पौधे लगाए। इस अवसर पर वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला और अधिक से अधिक वृक्षारोपण की अपील की। नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा कि हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ व हरित वातावरण मिल सके।
कटघोरा रेंजर अशोक मन्नेवार ने वन विभाग की ओर से पौधों की आपूर्ति की जानकारी दी और कहा कि विभाग आम लोगों को भी निःशुल्क पौधे उपलब्ध करवा रहा है ताकि पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा लगाए गए पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी लेने के संकल्प के साथ किया गया। नगर पालिका की यह पहल क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।