Friday, March 20, 2026
Latest:
Latest Newsकोरबा न्यूज़छत्तीसगढ़ न्यूज़छत्तीसगढ़ स्पेशलब्रेकिंग न्यूज़

ktg news : “पुलिस ने निभाया मानवता का फ़र्ज़: कटघोरा पुलिस ने लावारिस बुजुर्ग को दिया कंधा, मुस्लिम रीति से किया सम्मानजनक दफन”.

कोरबा/कटघोरा 20 मार्च 2026 : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में पुलिस ने एक बार फिर मानवता और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की है। कटघोरा पुलिस ने एक लावारिस वृद्ध के शव का पूरे सम्मान और धार्मिक परंपरा के अनुसार अंतिम संस्कार कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण रखा है।

जानकारी के अनुसार, 15, 16 मार्च की दरमियानी रात रजकम्मा क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे पर एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिला था। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मृतक की पहचान के लिए हरसंभव प्रयास किए। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की गई, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद मृतक के परिजनों का कोई पता नहीं चल सका।

ऐसी स्थिति में, छत्तीसगढ़ पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए खुद जिम्मेदारी उठाई। जिला पुलिस अधीक्षक सुद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे विधि-विधान से मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार शव का कफ़न-दफन किया। प्रधान आरक्षक गोपाल यादव, आरक्षक प्रदीप यादव पत्रकार आशुतोष शर्मा, आलोक पांडेय और अन्य पुलिसकर्मियों ने न सिर्फ अंतिम संस्कार की व्यवस्था की, बल्कि खुद कंधा देकर शव को अंतिम विदाई दी। यह दफन क्रिया कटघोरा के राधासागर के पास नीलगिरी के जंगल में संपन्न कराई गई।

इस घटना ने यह साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी पूरी संवेदनशीलता से निभाती है। जब कोई अपना नहीं होता, तब पुलिस ही “अपनों” की भूमिका निभाती नजर आती है। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई मौकों पर पुलिस द्वारा लावारिस शवों का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किए जाने के मामले सामने आए हैं। यह घटना न केवल पुलिस की मानवीय सोच को दर्शाती है, बल्कि समाज को भी एक सकारात्मक संदेश देती है कि इंसानियत सबसे बड़ी पहचान है।