Latest Newsकोरबा न्यूज़छत्तीसगढ़ न्यूज़छत्तीसगढ़ स्पेशलब्रेकिंग न्यूज़

ktg news : कटघोरा को जिला बनाने की मांग तेज, धरने पर बैठे अधिवक्ताओं को मिला विधायक तुलेश्वर मरकाम का समर्थन.

कोरबा/कटघोरा, 7 फरवरी 2026 : कटघोरा को जिला बनाने की मांग को लेकर अधिवक्ता संघ द्वारा किया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम धरना स्थल पहुंचे और अधिवक्ताओं के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कटघोरा को जिला का दर्जा देने के लिए सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए।

विधायक तुलेश्वर मरकाम ने कहा कि कोरबा जिले की सबसे पुरानी तहसील कटघोरा है, लेकिन इसके बावजूद इसे अब तक जिला का दर्जा नहीं मिल पाया है। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने कटघोरा के बाद बनी कई तहसीलों को जिला बना दिया, ऐसे में कटघोरा के साथ इस प्रकार का भेदभाव समझ से परे है। उन्होंने कहा कि कटघोरा विधानसभा क्षेत्र खनिज संपदा से समृद्ध है और यहां डीएमएफ (जिला खनिज न्यास) की राशि भी सबसे अधिक है। यदि कटघोरा को जिला का दर्जा मिलता है तो क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि पाली-तानाखार विधानसभा का क्षेत्रफल काफी बड़ा है और यहां आदिवासी समुदाय की आबादी भी अधिक है। ऐसे में यदि कटघोरा जिला बनता है तो पाली और तानाखार क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे पूरे क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी।

विधायक मरकाम ने अधिवक्ता संघ के आंदोलन को जायज बताते हुए कहा कि इस लड़ाई में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी पूरी तरह अधिवक्ताओं के साथ खड़ी है और कटघोरा को जिला बनाने की मांग का समर्थन करती है। इस दौरान अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेश पाल, नवीन सिंह, विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण धरना स्थल पर मौजूद रहे और कटघोरा को जिला बनाने की मांग को लेकर अपनी एकजुटता जताई।