Latest Newsकोरबा न्यूज़छत्तीसगढ़ न्यूज़छत्तीसगढ़ स्पेशलब्रेकिंग न्यूज़

ktg news : गुपचुप वाहन स्टैंड आबंटन पर उठे सवाल.. कटघोरा किसान मेला 2026 शुरू होने से पहले ही विवादों में घिरा नगर पालिका प्रशासन.

कोरबा/कटघोरा 16 जनवरी 2026 : कटघोरा में प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला प्रसिद्ध किसान मेला इस बार शुभारंभ से पहले ही विवादों में घिरता नजर आ रहा है। नगर के मेला मैदान में झूलों के लगने का काम प्रारम्भ हो चुका है और 26 जनवरी से शुरू होने वाले इस बहुप्रतीक्षित किसान मेले को लेकर नगरवासियों में उत्साह का माहौल है। लेकिन इसी बीच वाहन स्टैंड के आबंटन को लेकर नगर पालिका परिषद पर गंभीर आरोप लगने लगे हैं।

प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी नगर पालिका परिषद द्वारा मेला क्षेत्र में दुकानों के आबंटन के साथ-साथ मेला परिसर के बाहर वाहन स्टैंड का आबंटन किया जाना है। आमतौर पर वाहन स्टैंड का आबंटन पिछले वर्ष 2025 में प्रारम्भ की गई निविदा प्रक्रिया के बाद खुली बोली (ओपन टेंडर) के माध्यम से किया जाता है, जिससे नगर पालिका को अधिकतम राजस्व प्राप्त हो सके और पारदर्शिता बनी रहे।

लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष नगर पालिका परिषद द्वारा वाहन स्टैंड का आबंटन गुपचुप तरीके से और आपसी सहमति के आधार पर करने की तैयारी की जा रही है। आरोप है कि बिना ओपन निविदा और बिना सार्वजनिक सूचना के अपने चहेते व्यक्ति को वाहन स्टैंड सौंपने की योजना बनाई जा रही है। इस कथित प्रक्रिया को लेकर नगर में वाहन स्टैंड संचालन के इच्छुक लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कई इच्छुक ठेकेदारों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ओपन निविदा निकाली जाती है तो सभी को समान अवसर मिलेगा और नगर पालिका को भी अधिक राजस्व की प्राप्ति होगी। गुपचुप तरीके से किया गया आबंटन न केवल नियमों के खिलाफ है, बल्कि इससे भ्रष्टाचार की आशंका भी बढ़ जाती है।

आक्रोशित लोगों का स्पष्ट कहना है कि वाहन स्टैंड का आबंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ओपन टेंडर के माध्यम से किया जाना चाहिए, न कि किसी विशेष व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से। इस मुद्दे को लेकर नगर पालिका परिषद के खिलाफ नगर में तीव्र आक्रोश का माहौल बनता जा रहा है। यदि समय रहते नगर पालिका प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट नहीं की और पारदर्शिता नहीं अपनाई, तो किसान मेला शुरू होते ही यह मामला बड़े विवाद का रूप ले सकता है। गौरतलब है कि कटघोरा का किसान मेला न केवल स्थानीय बल्कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित करता है, ऐसे में वाहन स्टैंड का संचालन एक महत्वपूर्ण और लाभदायक व्यवस्था मानी जाती है।

अब देखना यह होगा कि नगर पालिका परिषद जनता के आक्रोश को गंभीरता से लेते हुए ओपन निविदा प्रक्रिया अपनाती है या फिर किसान मेला इस बार भी विवादों और आरोप-प्रत्यारोप के बीच शुरू होता है।