Ktg news : कटघोरा में राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित.. बच्चों ने बनाए आकर्षक चित्र, वन्यजीव संरक्षण का लिया संकल्प.
कटघोरा/कोरबा, 7 अक्टूबर 2025: भारत में हर वर्ष 2 से 8 अक्टूबर तक राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य देशभर में वन्यजीवों के संरक्षण, जैव विविधता की सुरक्षा और पर्यावरण संतुलन के प्रति जनजागरूकता फैलाना है। इसी कड़ी में 71वें राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह 2025 के अवसर पर कटघोरा वनमंडल के कटघोरा वनपरिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोंगरी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सभाकक्ष में किया गया, जिसमें कटघोरा रेंजर अशोक मन्नेवार और प्रशिक्षु रेंजर दिलरुबा ए. बानों मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने स्कूली बच्चों को वन्यजीवों की महत्ता, वृक्षों की भूमिका और पर्यावरण संरक्षण के विषय में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से वन्यजीवों के संरक्षण और उनसे जुड़ी चुनौतियों के बारे में अवगत कराया गया।

प्रशिक्षु रेंजर दिलरुबा ए. बानों ने बच्चों को वर्षा ऋतु में पाये जाने वाले जहरीले जीव-जंतु जैसे सांप, बिच्छू आदि से सुरक्षित रहने के उपाय बताए। साथ ही उन्होंने पौधों और वृक्षों की पारिस्थितिकीय भूमिका तथा मानव जीवन में उनके महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों ने पहाड़, पेड़-पौधे, वन्यजीव और प्राकृतिक दृश्यों को दर्शाते हुए सुंदर व आकर्षक चित्र बनाए। इन चित्रों के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति अपनी संवेदनशीलता को प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर कटघोरा वनपरिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर सुखदेव मरकाम, प्रदीप सिंह वाकरे, कृष्णा बिंझवार, महेंद्र जायसवाल, विजय चौहान, तथा विद्यालय के प्राचार्य अशोक पाटले, वरिष्ठ व्याख्याता के. उगरराज, अनिल पद्मासे, आर. आर, तिवारी, नीतू बंजारे, एस. के. टंडन, राजेन्द्र राठौर, मीरा एक्का, संतोष कुमार कंवर, अर्जुन सिंह कंबर, हेमलता यादव, निलिमा कंवर, किरण कंवर, अनिता, रंजीता कंवर, और ज्ञानेश्वर पांडे सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


