Latest Newsकोरबा न्यूज़छत्तीसगढ़ न्यूज़छत्तीसगढ़ स्पेशल

ktg news : कटघोरा नगर पालिका ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर.

कोरबा/कटघोरा, 13 अगस्त 2025 : स्वतंत्रता दिवस की हीरक जयंती और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के उपलक्ष्य में आज कटघोरा नगर पालिका परिषद द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल, मुख्य नगरपालिका अधिकारी ज्ञानपुंज कुलमित्र तथा सभी 15 वार्ड पार्षद ने हाथों में तिरंगा थामे यात्रा में शामिल हुए और नगर में देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहीद वीरनारायण चौक से हुआ, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए जय स्तम्भ चौक से वापस शहीद वीर नारायण चौक पर जाकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए, वहीं बच्चों और युवाओं ने भी तिरंगे के साथ देशभक्ति की भावना को प्रकट किया।

कार्यक्रम के दौरान सीएमओ ज्ञानपुंज कुलमित्र ने कहा कि “आज हमारा देश स्वतंत्रता दिवस की हीरक जयंती मना रहा है और छत्तीसगढ़ प्रदेश स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस अवसर पर पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा के साथ स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लोगों को न केवल राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया जा रहा है, बल्कि स्वच्छता के लिए शपथ भी दिलाई जा रही है।”

नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा, “हम सभी देशभक्ति और प्रेम की भावना से ओतप्रोत हैं। हाल ही में भारत ने पाकिस्तान पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत बड़ी विजय प्राप्त की है, जिसकी खुशी पूरे देश में है। आज भारत विश्व में एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभर रहा है, और हमें भारतीय होने पर गर्व है। यह तिरंगा यात्रा हमें न केवल देशभक्ति की प्रेरणा देती है, बल्कि स्वच्छता के संकल्प को भी मजबूत करती है। हमारा उद्देश्य है — स्वच्छ शहर, स्वस्थ शहर।” तिरंगा यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न वार्डों में लोगों को स्वच्छता एवं राष्ट्रप्रेम के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम ने नगरवासियों में एकता, गर्व और देशभक्ति की भावना को नई ऊर्जा दी।इस अवसर पर अनिल कुमार सब इंजीनियर पार्षदगण राजेश्वरी जात्रा,हरीश यादव,राजूदास दीवान,मधुलता कश्यप,पवन अग्रवाल,सन्तोषी कंवर,संजय अग्रवाल,शिवमती पटेल,अजय गर्ग ,विधायक प्रतिनिधि अमित जायसवाल,आकाश शर्मा,सहित नगर पालिका के सभी अधिकारी व कर्मचारी सहित नगरवासी उपस्थित रहे।