कोरबा : 41.59 लाख की राशि का बंदरबांट! बिना काम कराए फर्जी भुगतान.. जांच में अधिकारी अशोक कुमार जोगी पर गंभीर आरोप साबित.
कोरबा 20 मार्च 2026 : ग्रामीण यांत्रिकीय विभाग के अधिकारी अशोक कुमार जोगी पर आर्थिक अनियमितताओं के आरोप जांच में सही पाए गए हैं। यह मामला उस अवधि का है जब वे सक्ति जिला अंतर्गत डभरा जनपद पंचायत में अनुविभागीय अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महात्मा गांधी नरेगा के तहत पिछले पांच वर्षों में स्वीकृत निर्माण कार्यों की जांच के लिए राज्य स्तर से निर्देश जारी किए गए थे। इसके परिपालन में 20 जनवरी 2026 को पांच सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया। जांच दल द्वारा ग्राम पंचायत गोबरा में स्वीकृत विभिन्न कार्यों का भौतिक एवं वित्तीय परीक्षण किया गया।
जांच में पाया गया कि समुदाय के लिए शाखा नहर पुनरुद्धार (छुहीपाली माइनर एवं सिंधरा वितरक) के लिए स्वीकृत लगभग 19 लाख 30 हजार रुपये की राशि व्यय दर्शाई गई है, जबकि स्थल पर कोई कार्य नहीं पाया गया। इसी प्रकार कन्हारी तालाब में तटबंध निर्माण कार्य हेतु स्वीकृत 17 लाख 62 हजार रुपये की राशि का भी उपयोग दर्शाया गया, परंतु मौके पर निर्माण कार्य नहीं मिला। इसके अतिरिक्त धरसा रोड में मिट्टी सड़क निर्माण कार्य के लिए 4 लाख 67 हजार रुपये की राशि खर्च दिखाई गई, जबकि जांच में सड़क निर्माण अधूरा पाया गया तथा ह्यूम पाइप कार्य भी पूर्ण नहीं था।
जांच दल के प्रतिवेदन के अनुसार, उपरोक्त कार्यों में कुल 41 लाख 59 हजार रुपये की राशि बिना कार्य कराए अथवा अपूर्ण कार्य के बावजूद आहरित कर ली गई। इसे योजना प्रावधानों के विपरीत तथा गंभीर वित्तीय अनियमितता माना गया है। मामले में शिकायत प्राप्त होने पर गठित जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट राज्य शासन को सौंप दी है। रिपोर्ट में आरोप सिद्ध पाए जाने पर संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी किया गया है। फिलहाल मामले में आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।


