ktg news : कटघोरा वनमण्डल में हाथियों का आतंक.. पसान रेंज के गोला बहरा में 70 वर्षीय महिला को लोनर हांथीयों ने उतारा मौत के घाट.

कोरबा/कटघोरा 7 दिसंबर 2025 : कोरबा जिले के कटघोरा वनमण्डल से इस समय की बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। हाथियों के एक झुंड से बिछड़े दो लोनर (अकेले भटकने वाले) हाथियों ने पसान रेंज में दहशत का माहौल बना दिया है। रविवार की शाम लगभग 7 बजे इन हाथियों ने गोला बहरा ग्राम में 70 वर्षीय वृद्ध महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

घटना के अनुसार, इंद्र कुंवर (70 वर्ष) नामक महिला खेत से अपने घर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के पास मौजूद दोनों लोनर हाथियों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हाथियों ने महिला को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में भय और अफरातफरी का माहौल है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। अधिकारी और वनकर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं कि दोनों हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर हटाकर जंगल की ओर खदेड़ा जाए, ताकि और किसी प्रकार की अनहोनी न हो। ग्रामवासियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोग भयभीत हैं। वन विभाग ने भी ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात में घरों से बाहर कम निकलने और खेतों में अकेले न जाने की अपील की है। यह घटना कटघोरा वनमण्डल के पसान रेंज के ग्राम गोला बहरा में हुई है, जिसने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर किया है।

