Latest Newsकोरबा न्यूज़छत्तीसगढ़ न्यूज़छत्तीसगढ़ स्पेशलब्रेकिंग न्यूज़

ktg news : कोरबा में पत्रकारिता जगत शोकमग्न: श्रमजीवी पत्रकार संघ के संरक्षक अनूप जायसवाल का निधन, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा पत्रकार समुदाय

कटघोरा/कोरबा, 12 नवम्बर 2025: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से जुड़ी पत्रकारिता जगत के लिए सोमवार का दिन अत्यंत दुखद रहा। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ कोरबा के संरक्षक अनूप जायसवाल के निधन से पूरे क्षेत्र के पत्रकार समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और लगातार उपचाररत थे। लंबी बीमारी से जूझने के बाद सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके निधन के बाद बुधवार को कटघोरा नगर के शहीद वीर नारायण चौक में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ परिवार के साथ-साथ नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभा की शुरुआत दिवंगत पत्रकार की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट के मौन रखकर की गई।

श्रद्धांजलि सभा में संघ के कोरबा जिलाध्यक्ष शशिकांत डिक्सेना, कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, ब्लॉक सहसचिव जितेंद्र गुप्ता, जिला प्रवक्ता आलोक पांडेय, शारदा पाल, शिव प्रसाद गुप्ता, महेश वाधवानी, निखिल जायसवाल, तुषार साहू, लॉंगदास महंत एवं आशीष शर्मा सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

सभी ने अपने वक्तव्यों में स्व. अनूप जायसवाल के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। उन्होंने बताया कि अनूप जायसवाल न केवल एक समर्पित पत्रकार थे, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े हुए एक सजग नागरिक भी थे। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा स्मरण किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।