Monday, October 27, 2025
Latest:
Latest Newsकोरबा न्यूज़छत्तीसगढ़ न्यूज़छत्तीसगढ़ स्पेशल

ktg news : मन्नू राठौर के निवास हरदीबाज़ार में हलषष्ठी पर्व की धूम, महिलाओं ने पुत्रों की लंबी उम्र के लिए किया व्रत.

कटघोरा, 14 अगस्त 2025 — कटघोरा विधायक प्रेमचन्द पटेल के सबसे करीबी व साईं भक्त मन्नू राठौर के हरदी बाजार स्थित निवास पर गुरुवार को पारंपरिक और धार्मिक उत्साह के साथ हलषष्ठी (हरछठ) का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की अनेक महिलाएं एकत्र होकर अपने पुत्रों की दीर्घायु, स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए व्रत और पूजा-अर्चना में शामिल हुईं।

पूजा के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए महिलाओं ने पसहर चावल, छह प्रकार की भाजी, भैंस का दूध, दही, घी और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। पूजा स्थल पर सगरी (एक छोटा गड्ढा) बनाकर भगवान शंकर, माता गौरी और गणेशजी की विधिवत पूजा की गई।

हलषष्ठी व्रत में ‘छह’ अंक का विशेष महत्व माना जाता है। इस मौके पर सगरी में छह-छह बार पानी डाला गया, छह खिलौने, छह लाई के दोने और छह चुकिया (मिट्टी के छोटे घड़े) चढ़ाए गए। व्रतधारी महिलाओं ने पूजा के बाद बिना हल के उगे हुए अनाज (पसहर चावल) और छह प्रकार की भाजी का प्रसाद ग्रहण किया।

इस दिन की एक खास परंपरा “पोती मारना” भी निभाई गई, जिसमें महिलाएं अपने बच्चों की कमर पर कपड़े से छह बार थपकी देती हैं। इसे बच्चों की रक्षा और सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।

छत्तीसगढ़ में हलषष्ठी, जिसे कमरछठ भी कहा जाता है, संतान प्राप्ति और उनकी लंबी उम्र के लिए विशेष रूप से मनाया जाता है। यह पर्व ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है, जहां महिलाएं पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना करती हैं।