ktg news : कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल को मिला “सदस्यता रत्न सम्मान”.. भाजपा सदस्यता अभियान 2024-25 में बनाया 10177 सदस्य.

कोरबा/रायपुर 2 अगस्त 2025 : अटल नगर नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आज भारतीय जनता पार्टी के उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान समारोह 2024-25 का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर भाजपा संगठन द्वारा उन जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने सदस्यता अभियान में उल्लेखनीय योगदान दिया। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडे मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यता अभियान में सबसे अधिक सदस्य बनाने वाले नेताओं को क्रमशः उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान, सदस्यता भूषण सम्मान और सदस्यता रत्न सम्मान से नवाजा गया। इसी कड़ी में कोरबा जिले से कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल को “सदस्यता रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। श्री पटेल ने सदस्यता अभियान के अंतर्गत 10,177 सदस्य बनाकर प्रदेश में दूसरा सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। उनके इस उल्लेखनीय प्रयास की सराहना करते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें मंच पर सम्मानित किया।

समारोह में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा की प्रशंसा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भाजपा का बल कार्यकर्ताओं और जनसंपर्क में है, और सदस्यता अभियान इसकी जीवंत मिसाल है।कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती और जनता से जुड़े रहने के संकल्प के साथ हुआ।

