ktg news : कटघोरा में स्वच्छता का बिगुल: न्यू बस स्टैंड से शुरू हुआ अभियान, हर रविवार चलेगा सफाई महाअभियान.
कोरबा/कटघोरा 22 फरवरी 2026 : कटघोरा नगर पालिका परिषद द्वारा आज नगर के न्यू बस स्टैंड और उसके आसपास व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति एक मजबूत संदेश दिया गया। इस अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल, प्रशिक्षु आईएएस एवं सीएमओ क्षितिज गुरभेले, स्थानीय पार्षदों के साथ-साथ स्वच्छता दीदियों और नगर पालिका के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। बस स्टैंड क्षेत्र के दुकानदारों को समझाइश दी गई कि वे अपने दुकानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित नीले और हरे डस्टबिन में ही एकत्र करें तथा उसे नगर पालिका की कचरा गाड़ी में ही डालें। साथ ही यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
प्रशिक्षु आईएएस एवं सीएमओ क्षितिज गुरभेले ने जानकारी देते हुए बताया कि अब नगर में हर रविवार अलग-अलग स्थानों पर इसी तरह स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को न केवल सफाई बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।
नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही कटघोरा नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाकर पूरे प्रदेश में एक अलग पहचान दिलाई जा सकती है। वहीं पार्षद पवन अग्रवाल ने कहा कि छुट्टी के दिन जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा स्वयं झाड़ू लगाना इस बात का संकेत है कि अब समय आ गया है जब हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और नगर को स्वच्छ बनाने में सक्रिय योगदान देना होगा।
इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ नगर पालिका परिषद कटघोरा के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने मिलकर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


