Latest Newsकोरबा न्यूज़छत्तीसगढ़ न्यूज़छत्तीसगढ़ स्पेशलब्रेकिंग न्यूज़

ktg news : महाशिवरात्रि पर राधासागर तालाब में चला स्वच्छता अभियान, नागरिकों ने लिया स्वच्छता का संकल्प.

कोरबा/कटघोरा, 15 फरवरी 2026  : महाशिवरात्रि के अवसर पर कटघोरा नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के प्रसिद्ध राधासागर तालाब में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से न केवल तालाब एवं घाटों की साफ-सफाई की गई, बल्कि नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया।

सुबह 8 बजे राधासागर स्थित शिव मंदिर परिसर से प्रारंभ हुए इस अभियान में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राज जायसवाल, सहायक कलेक्टर क्षितिज कुमार गुरभेले, सीएमओ मुद्रिका प्रसाद तिवारी, उपाध्यक्ष लालबाबू ठाकुर सहित पार्षदगण, अधिकारी एवं स्वच्छता दीदियों ने भाग लिया। अभियान के दौरान तालाब किनारे फैले कचरे को एकत्र कर उचित स्थान तक पहुंचाया गया। घाटों की सफाई के साथ उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए राधासागर तालाब को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है। भगवान शिव पंचतत्वों—पृथ्वी, जल, वायु, अग्नि एवं आकाश—से जुड़े हैं, जिससे हमें प्रकृति के सम्मान और संरक्षण की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि राधासागर तालाब का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक को इसमें योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। अभियान के माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।