Saturday, February 14, 2026
Latest Newsकोरबा न्यूज़छत्तीसगढ़ न्यूज़छत्तीसगढ़ स्पेशलब्रेकिंग न्यूज़

ktg news : कोरबा में बिजली व्यवस्था सुधारने की बड़ी पहल.. वितरण कंपनी के एमडी ने भेजी विशेष टीम.. कई गांवों में शुरू हुए लाइन विस्तार व ट्रांसफार्मर स्थापना के कार्य.

कोरबा/कटघोरा, 22 नवम्बर 2025 : कोरबा जिले में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री भीम सिंह कंवर द्वारा एक विशेष अधिकारियों की टीम को जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निरीक्षण हेतु भेजा गया। इस टीम ने कई ग्रामों का सघन दौरा कर वहां की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और कई महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत कराई।

सबसे पहले ग्राम पौड़ी उपरोड़ा पहुंचकर अधिकारियों ने स्थानीय विद्युत ढांचे का विस्तार से सर्वेक्षण किया। सर्वे के आधार पर गांव को आदर्श विद्युत ग्राम बनाने की योजना तैयार की गई, जिसके अंतर्गत नए ट्रांसफार्मर, अतिरिक्त विद्युत पोल और लाइन विस्तार जैसी आवश्यकताओं को तत्काल पूरा करने का निर्देश दिया गया। कार्यों की शुरुआत भी वहीं पर कराई गई।

इसके बाद टीम ने ग्राम आमा टिकरा में जगुआ योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। यहां कई विद्युत विहीन घरों और बस्तियों को तत्काल बिजली उपलब्ध कराने हेतु नियुक्त एजेंसी को निर्देश देते हुए कार्यों को गति दी गई। ग्राम लमना एवं आसपास के क्षेत्रों में भी चल रहे नए विद्युत कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाई गई तकनीकी और निर्माण संबंधी त्रुटियों के त्वरित सुधार के लिए संबंधित एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी कार्य में देरी न हो।

इसी क्रम में कोरबा में काफी समय से लंबित पड़े 5 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना के कार्य को भी तत्काल शुरू कराया गया, जिससे क्षेत्र में भार विभाजन बेहतर होगा और बिजली कटौती की समस्या में राहत मिलेगी। टीम ने ग्राम छुरी में निर्माणाधीन विद्युत कार्यों का भी जायजा लिया, जहां निर्माण एजेंसी को कार्य को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।