Nagriya nikay chunav 2025 : कटघोरा नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस ने अध्यक्ष समेत 9 से अधिक पार्षद की जीत का किया दावा.. 15 को कांग्रेस निकालेगी विजय जुलूस.
कोरबा/कटघोरा 13 फरवरी 2025 : छत्तीसगढ़ में 11 फरवरी 2025 को हुए नगरीय निकाय चुनावों के बाद अब सभी प्रत्याशी और नागरिक 15 फरवरी को आने वाले परिणामों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। चुनाव के बाद, चौक-चौराहों, पान ठेलों, चाय की दुकानों और नगर के अन्य स्थानों पर प्रत्याशियों की जीत-हार को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। पार्टियों के पदाधिकारी भी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।

कटघोरा नगर के कांग्रेस शहर अध्यक्ष राजीव लखनपाल ने अध्यक्ष पद के प्रत्याशी समेत 10 से अधिक पार्षदों की जीत का दावा किया है। नगरीय निकाय चुनाव में मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। मतदान में सामने आए रुझानों से पता चल रहा है कि जनता ने कांग्रेस के “संकल्प पत्र” के संकल्प पर पूर्ण विश्वास करते हुए, नगरीय निकायों के समुचित विकास की संकल्पना में हमारा साथ दिया है। जिसकी बदौलत कांग्रेस प्रचंड विजय हासिल करेगी। हम कटघोरा नगर पालिका के चुनाव में अध्यक्ष राज जायसवाल समेत 9 से अधिक वार्डों में कांग्रेस पार्षदों की जीत का दावा किया है। उन्होंने लोकतंत्र के इस महोत्सव में सहभागी सभी सम्मानित मतदाताओं का हार्दिक आभार जताया है। आपके एक वोट ने ‘विकसित कटघोरा नगर के निर्माण के संकल्प को संबल प्रदान किया है।
कटघोरा नगर पालिका के आगामी चुनाव में कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। कांग्रेस शहर अध्यक्ष राजीव लखनपाल ने विश्वास जताया है कि जनता ने पार्टी के संकल्प पत्र पर भरोसा किया है और युवा अध्यक्ष पद प्रत्याशी राज जायसवाल की कड़ी मेहनत के परिणामस्वरूप कांग्रेस नगर पालिका में बड़ी जीत हासिल करेगी। 15 फरवरी को मतगणना के बाद कांग्रेस व नगर की जनता विजय जुलूस निकालेगी जिसमे नगर के सभी वर्ग के सादर आमंत्रित रहेंगे।
हालांकि, कटघोरा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 13 में भाजपा प्रत्याशी शिवमती पटेल निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, छत्तीसगढ़ के 173 नगरीय निकायों में 11 फरवरी को मतदान संपन्न हुआ, जिसमें 14 नगर निगम, 48 नगर पालिका परिषद और 122 नगर पंचायत शामिल हैं। मतगणना 15 फरवरी को होगी, जिसके बाद ही स्पष्ट होगा कि किस पार्टी को कितनी सीटों पर सफलता मिली है। चुनाव परिणाम आने तक विभिन्न दावों और चर्चाओं का दौर जारी रहेगा, लेकिन अंतिम निर्णय मतगणना के बाद ही सामने आएगा।


